Home छत्तीसगढ़ सहकारिता सचिव डॉ. आशीष भूटानी ने की ‘कैफे पण्डुम’ की सराहना

सहकारिता सचिव डॉ. आशीष भूटानी ने की ‘कैफे पण्डुम’ की सराहना

2

भारत सरकार के सहकारिता सचिव डॉ. आशीष भूटानी सहित केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ अधिकारियों ने जगदलपुर स्थित ‘कैफे पण्डुम’ का भ्रमण किया। हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटे पुनर्वासित युवाओं द्वारा संचालित यह कैफे बस्तर में स्वावलंबन, पुनर्वास और सामाजिक बदलाव की प्रेरक मिसाल बनकर उभरा है।

कैफे के भ्रमण के दौरान बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने अधिकारियों को कैफे की अवधारणा, संचालन और इससे जुड़े परिवारों की आजीविका बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पहल मुख्यधारा में लौटे लोगों को सम्मानजनक जीवन जीने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही है।

कैफे की व्यवस्थाओं, आत्मीय आतिथ्य और स्थानीय स्तर पर किए गए इस नवाचार से प्रभावित अधिकारियों ने इसकी सराहना की। उन्होंने कैफे के शांत वातावरण, प्राकृतिक रंगों से सुसज्जित परिसर और लजीज व्यंजनों की भी प्रशंसा की। अधिकारियों ने कैफे का संचालन कर रहे युवाओं से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों से मिली सराहना से कैफे का संचालन कर रहे युवाओं में उत्साह देखा गया। यह पहल दर्शाती है कि पुनर्वास के साथ आजीविका के अवसर उपलब्ध कराकर लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के सहकारिता सचिव डॉ. आशीष भूटानी सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी जगदलपुर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय समीक्षा सम्मेलन ‘सहकार से समृद्धि’ में शामिल होने पहुंचे थे।