मानसून पर लगभग ब्रेक लगने के बाद देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में एक नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. इस कारण 13 अक्टूबर को दिल्ली से लेकर असम तक कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. कहीं गरज-चमक के साथ बादल बरसेंगे तो कहीं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा के झोंके लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पहाड़ी राज्यों के कई इलाकों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-NCR में भी तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसमी सिस्टम आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों को बढ़ा सकता है. ऐसे में अगले कुछ दिन कई राज्यों के लिए मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं.
मौसम में इस बदलाव के पीछे कई सक्रिय वेदर सिस्टम बताए जा रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. दक्षिण बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल में भी ऐसा ही सिस्टम सक्रिय है. बंगाल की खाड़ी से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एकटर्फ रेखा गुजर रही है. पश्चिमी राजस्थान और मन्नार की खाड़ी के आसपास भी मौसमी हलचल बनी हुई है. सबसे ज्यादा नजर दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर है. यहां सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से 13 अक्टूबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसी वजह से पूर्वी भारत से लेकर दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. आइए जानते हैं दिल्ली-NCR से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कैसा रहेगा मौसम.
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों तक फैला साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. इसके प्रभाव से 13 अक्टूबर के आसपास आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. यह सिस्टम आगे चलकर बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है. हालांकि इसके संभावित असर और तीव्रता को लेकर मौसम विभाग के अगले अपडेट पर नजर रखना जरूरी है. देश के कई हिस्सों में पहले से सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ रेखाओं के बीच यह नया सिस्टम मौसम के बदलाव में अहम भूमिका निभा सकता है.
प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
बिहार के कई जिलों में 13 अक्टूबर को बारिश और आंधी का असर दिख सकता है. पटना, गया, सिवान, बक्सर, सारण, रोहतास, औरंगाबाद, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, मुंगेर, बेगूसराय, भागलपुर, सहरसा और सुपौल में मौसम खराब होने की संभावना है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चल सकते हैं. बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह है. पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
झारखंड में 14 अक्टूबर तक बारिश के आसार
झारखंड में 13 और 14 अक्टूबर को कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. रांची, धनबाद, सिमडेगा, साहेबगंज, हजारीबाग, जमशेदपुर, गुमला, गढ़वा और पलामू में मौसम का असर देखने को मिल सकता है. इन इलाकों में 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. बारिश के दौरान लोगों को बिजली चमकने और अचानक मौसम बदलने को लेकर सतर्क रहना चाहिए. रांची में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पश्चिम बंगाल में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में 13 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. दार्जिलिंग, नादिया, कोलकाता, अलीपुरद्वार, बीरभूम और कलिम्पोंग समेत कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बंगाल के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी से गुजर रही टर्फ रेखा मौसमी गतिविधियों को प्रभावित कर सकती है. कोलकाता में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
राजस्थान में हल्की बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं
राजस्थान में 13 अक्टूबर को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. कोटा, भरतपुर, बीकानेर, उदयपुर, जयपुर, अजमेर और बूंदी में मौसम बदलने की संभावना है. इन क्षेत्रों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. इसका असर स्थानीय मौसम पर पड़ सकता है. जयपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
मध्य प्रदेश में 50 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मध्य प्रदेश के कई जिलों में 13 अक्टूबर को हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. भोपाल, इंदौर, देवास, नर्मदापुरम यानी होशंगाबाद, विदिशा, अशोकनगर, नीमच, उमरिया और छिंदवाड़ा में मौसम बदल सकता है. कुछ इलाकों में हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. ऐसे में खुले में रखी हल्की वस्तुओं को सुरक्षित रखना और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना बेहतर होगा. भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पंजाब और हरियाणा में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका
- पंजाब के गुरदासपुर, पठानकोट, बरनाला, जालंधर, पटियाला और लुधियाना समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. चंडीगढ़ में भी गरज-चमक के साथ मौसम बदल सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है. वहीं हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
- 14 और 15 अक्टूबर को पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है. किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनी पर नजर रखनी चाहिए.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
- उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, नैनीताल, देहरादून और पिथौरागढ़ में 13 अक्टूबर को बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है इसलिए यात्रा पर निकलने वाले लोगों को स्थानीय पूर्वानुमान और सड़क संबंधी अपडेट देखना चाहिए. देहरादून में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
- हिमाचल प्रदेश के सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और मंडी में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम की स्थिति तेजी से बदल सकती है. ऐसे में पहाड़ी रास्तों पर सफर करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए. मनाली में अधिकतम तापमान करीब 8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान दिया गया है.
- जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, डोडा, सांबा, कठुआ और राजौरी में 13 और 14 अक्टूबर को बारिश का असर दिख सकता है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश होने पर सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है. लोगों को यात्रा से पहले मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए. श्रीनगर में अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पूर्वोत्तर भारत में असम से त्रिपुरा तक बारिश का दौर
पूर्वोत्तर राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. असम और मेघालय में 13 से 18 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश में 14 से 17 अक्टूबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 से 16 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर बारिश होने के आसार हैं. इन चार राज्यों में 13 और 14 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है.
दक्षिण भारत में 18 अक्टूबर तक जारी रह सकता है बारिश का सिलसिला
दक्षिण भारत के कई राज्यों में 13 से 18 अक्टूबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में इस अवधि के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. केरल और माहे में 13 और 14 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है जबकि 15 से 18 अक्टूबर के बीच बारिश का दायरा बढ़ सकता है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 13 से 17 अक्टूबर तक तथा रायलसीमा में 13 से 16 अक्टूबर और फिर 17 से 18 अक्टूबर के दौरान बारिश की संभावना है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 13 से 18 अक्टूबर तक और तटीय व उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 15 से 18 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है. तेलंगाना में 15 से 18 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, केरल, माहे और रायलसीमा में 15 और 16 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.




