वेस्टइंडीज के खिलाफ चिन्नास्वामी में पांचवां टी20 मैच बेशक बारिश के कारण रद्द हो गया, लेकिन टीम इंडिया के लिए ईशान किशन अपनी 10 गेंद की पारी में ही छा गए. बारिश के कारण ये मैच 9-9 ओवरों का निर्धारित किया गया था. वेस्टइंडीज के कप्तान ने मैच में टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया. टीम इंडिया की तरफ से अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत की, लेकिन अभिषेक सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए.
ऐसे में ईशान किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए. ईशान को पता था कि ओवर कम हैं तो तेजी से रन बनाने होंगे. ऐसे में फिर क्या था उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में कैरेबियाई गेंदबाजों की धुनाई शुरू कर दी. ईशान ने 300 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 10 गेंद में 30 रन कूट दिए. एक समय तो ईशान की बल्लेबाजी को देख विपक्षी कप्तान शाई होप टेंशन में आ गए थे, लेकिन शमार जोसेफ ने ईशान का विकेट लेकर अपनी टीम को राहत की सांस दिलाई. ईशान ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 2 छक्के भी उड़ाए.
7.4 ओवर का ही हो पाया खेल
चिन्नास्वामी में बारिश के कारण भारत और वेस्टइंडीज के बीच सिर्फ 7.4 ओवर का ही खेल हो पाया. शाम के समय से ही लगातार बारिश होने के कारण टॉस करीब दो घंटे की देरी से हुई. किसी तरह खेल शुरू तो हुआ है, लेकिन भारतीय पारी में फिर से रुकावट पैदा हो गई, जिसके कारण मैच को रद्द करना पड़ा. खेल रुकने तक टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 118 रन बना लिए थे.
2-2 से बराबर रही सीरीज
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर रही. हालांकि, टीम इंडिया ने सीरीज में जीत से शुरुआत की थी, लेकिन दूसरे मैच में वेस्टइंडीज ने दमदार वापसी करते हुए जीत हासिल की और 1-1 की बराबरी कर ली. इसके बाद तीसरे मैच में टीम इंडिया को जीत मिली, जबकि चौथे टी20 में वेस्टइंडीज ने बाजी मारी. वहीं, पांचवां मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा.




