Home देश 164 गांव के किसान होंगे मालामाल, बनने जा रहा 578KM का एक्सप्रेसवे,...

164 गांव के किसान होंगे मालामाल, बनने जा रहा 578KM का एक्सप्रेसवे, 73000 करोड़ में होगा तैयार

1

उत्तर प्रदेश सहित देश के अधिकांश राज्यों में कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए सरकार लगातार नए एक्सप्रेसवे और हाईवे का निर्माण करा रही है. इसी कड़ी में यूपी को कोलकाता से जोड़ने के लिए नए एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है, जिसका नाम होगा गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे. इसकी लंबाई करीब 568 किलोमीटर होगी. इस एक्सप्रेसवे का अधिकांश हिस्सा बिहार से होकर गुजरेगा. बताया जा रहा है कि गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे का 417 किलोमीटर का हिस्सा बिहार में होगा. बिहार के कुल 8 जिलों से होकर यह एक्सप्रेसवे गुजरेगा. वहीं यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के दो जिलों से होकर गुजरेगा, जिसमें गोरखपुर और कुशीनगर शामिल है. गोरखपुर से इस एक्सप्रेसवे की शुरुआत होगी.
यूपी के कितने गांवों से गुजरेगा गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे
बता दें कि गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण का एलाइनमेंट बदल दिया गया है. पहले इसमें देवरिया भी शामिल था. लेकिन अब गोरखपुर और कुशीनगर के गांव शामिल हैं. देवरिया को नए रूट से बाहर कर दिया गया है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक गोरखपुर के 23 और कुशीनगर के 141 गांव के किसानों से जमीन ली जाएगी. गोरखपुर में सदर तहसील के गांव शामिल हैं. जबकि कुशीनगर में हाटा, कसया और तमकुहीराज तहसील के गांवों से जमीन ली जाएगी.
73 हजार करोड़ रुपये होंगे अब खर्च
गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे पर अब करीब 73 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे. पहले तैयार रिपोर्ट में इसकी लागत कम आंकी गई थी. बाद में पीपीपीएएसी की मीटिंग में एनएचआई को नए सिरे से डीपीआर तैयार करने के लिए कहा गया था. अब एनएचआई ने संशोधित रिपोर्ट तैयार कर ली है. इसे जल्द ही पीपीपीएएसी के पास भेजा जाएगा. उम्मीद है कि इसी महीने होने वाली समिति की बैठक में इस पर विचार किया जा सकता है. परियोजना की कुल लागत में करीब 45 हजार करोड़ रुपये निर्माण कार्य पर खर्च होंगे. बाकी पैसे जमीन अधिग्रहण और दूसरे काम में खर्च होंगे.

बिहार के किन जिलों से होकर गुजरेगा गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे
बता दें कि इस एक्सप्रेसवे की शुरुआत गोरखपुर के जगदीशपुर से होगी. इसके बाद बिहार होते हुए यह पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक पहुंचेगा. करीब 568 किलोमीटर लंबी इस प्रोजेक्ट में बिहार का हिस्सा लगभग 417 किलोमीटर होगा. बिहार में यह एक्सप्रेसवे पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज से होकर गुजरेगा.