Home छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 एक ही मशीन से अध्यक्ष और पार्षद...

नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 एक ही मशीन से अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए किया जाएगा मतदान

25

*ईवीएम मशीन के कमिशनिंग कार्य हेतु प्रशिक्षण का हुआ आयोजन*

मुंगेली 27 जनवरी 2025// राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल देव के मार्गदर्शन में जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में नगरीय निकाय आम निर्वाचन हेतु ईवीएम एवं वीवीपेट मशीनों के कमिशनिंग कार्य के लिए प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कमिशनिंग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान ने कहा कि नगरीय निकाय निर्वाचन में मशीनों का कमिशनिंग कार्य सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मशीन में अभ्यर्थियों का मतपत्र लगाते समय सावधानी बरतना जरूरी है। इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि नगर पालिका मुंगेली एवं लोरमी, नगर पंचायत पथरिया, सरगांव, बरेला और जरहागांव में अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए 11 फरवरी को मतदान होगा।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री चंद्रशेखर उपाध्याय और श्री मोहन उपाध्याय ने बताया कि नगरीय निकाय में मतदान के लिए कमिशनिंग के माध्यम से मशीन तैयार की जाएगी। अभ्यर्थियों के मतपत्र प्राप्त हो जाने के बाद बीयू में मतपत्र लगाया जाएगा। मतपत्र के अनुसार अध्यक्ष एवं पार्षद अभ्यर्थियों का नाम एवं चुनाव चिह्न प्रदर्शित होगा। मतदाता द्वारा एक ही मशीन से दोनों पदों के लिए मतदान किया जाएगा। जिसके बाद मशीन में एड्रेस टैग लगाकर सीलिंग कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं सेक्टर जोनल ऑफिसर मौजूद रहे। बता दें कि कमिशनिंग कार्य के सफलतापूर्वक संपादन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय को प्रभारी अधिकारी, उपसंचालक पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सुश्री भूमिका देसाई को सहायक प्रभारी अधिकारी और नगर पालिका मुंगेली सीएमओ श्री आशीष तिवारी को सहायक अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही कमिशनिंग कार्य हेतु पर्याप्त संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here