Home छत्तीसगढ़ ‘‘हर घर तिरंगा’’ – डिप्टी सीएम के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा...

‘‘हर घर तिरंगा’’ – डिप्टी सीएम के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा’’

110

मुंगेली, 11 अगस्त 2025// शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में आमजनों में देशभक्ति की भावना विकसित करने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाने के उद्देश्य से 15 अगस्त तक जिले में ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत आमजनों को 15 अगस्त के दिन अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी तारतम्य में उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव के नेतृत्व में लोरमी से ग्राम बटहा तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से वातावरण देशप्रेम की भावना से सराबोर हो गया।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान का उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक को यह संदेश देना है कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि हमारे स्वाभिमान और बलिदान की पहचान है। उन्होंने ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान को सफल बनाने आमजनों से आह्वान किया।

*विधायक श्री मोहले बरेला में आयोजित तिरंगा यात्रा में हुए शामिल*

‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम अंतर्गत मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम बरेला और सेतगंगा में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले शामिल हुए। इस दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। विधायक श्री मोहले ने ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान को सफल बनाने आमजनों से तिरंगा फहराने की अपील की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here