Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर जनदर्शन मुंगेली मे कलेक्टर ने मांग व शिकायत की निराकरण करने...

कलेक्टर जनदर्शन मुंगेली मे कलेक्टर ने मांग व शिकायत की निराकरण करने का निर्देश तो वही पुलिस कप्तान ने अवैध शराब बिक्री पर विशेष कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया

37

जनदर्शन में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं आमजनों की समस्याएं

*त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश*

मुंगेली, 06 जनवरी 2026// जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभा कक्ष में आज आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिले के विभिन्न अंचलों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोग अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए और अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए।
जनदर्शन के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर सभी आवेदकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनदर्शन में ग्राम हेडसपुर निवासी रामझुल जायसवाल ने बैटरी चलित विकलांग साइकिल उपलब्ध कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम खपरी सरगांव की गनेशिया बाई ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लंबित राशि दिलाने की मांग रखी। ग्राम संगवाकापा के लखनराम साहू ने पारिवारिक फौती दर्ज कराने संबंधी आवेदन दिया। इसके अतिरिक्त ग्राम अमोरा के ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की शिकायत करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं नगर पालिका मुंगेली अंतर्गत रामगोपाल तिवारी वार्ड निवासी श्री विरेंद्र जायसवाल ने वार्ड में पेयजल नल व्यवस्था को दुरुस्त कराने हेतु आवेदन दिया। ग्राम दुल्हीनबाय निवासी संजय मोहले ने सौर ऊर्जा मोटर पंप की मरम्मत एवं पुनः चालू कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने अवैध शराब बिक्री जैसी शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों का प्राथमिक निराकरण किया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला, जिससे लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here