*कलेक्टर-एसएसपी ने कानून-व्यवस्था के संबंध में ली बैठक*
*बोर एवं कुओं को सुरक्षित रूप से ढकने के दिए निर्देश*
*दुर्घटना के मामलों में पीएम राहत योजना के अंतर्गत पंजीयन करने दिए निर्देश*
मुंगेली, 12 मार्च 2026// कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में जिले में कानून-व्यवस्था के संबंध में बैठक ली। बैठक में जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति, समन्वय तथा विभिन्न प्रकरणों के निराकरण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान पीएम राहत योजना से संबंधित वीडियो का अवलोकन किया गया तथा अधिकारियों को योजना और उससे जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने कहा कि जिले में होने वाले सभी दुर्घटना (एक्सीडेंट) के मामलों का पीएम राहत योजना के अंतर्गत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि हिट एंड रन तथा पीएम राहत से संबंधित प्रकरणों में गंभीरता से कार्य करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने पर खाद्य एवं औषधि विभाग के सहायक संचालक तथा नगर पालिका मुंगेली के (सीएमओ) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी शासकीय एवं पात्र निजी अस्पतालों के बाहर पीएम राहत योजना से संबंधित पोस्टर एवं हेल्पलाइन नंबर चस्पा किए जाएं। साथ ही जिला अस्पताल में पीएम राहत योजना से संबंधित सहायता प्रदान करने के लिए एक हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिले में अफीम व अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती तथा पेड़ों की कटाई के संबंध में चर्चा कर कृषि, उद्यानिकी, राजस्व, खाद्य एवं औषधि विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर जांच करने और अवैध खेती पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही वनांचल क्षेत्रों में वन विभाग की टीम द्वारा भी नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि गैस, पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति में कमी के कारण यदि कहीं कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित होती है, तो वहां राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। साथ ही संबंधित एजेंसियों में उपलब्ध स्टॉक की जानकारी राजस्व अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से ली जाएगी, ताकि जिले में आमजन के बीच किसी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
कलेक्टर ने खाद्य एवं औषधि विभाग के सहायक संचालक को निर्देशित किया कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स की नियमित रूप से जांच की जाए तथा नारकोटिक्स श्रेणी की दवाइयों के अवैध विक्रय पर कड़ी निगरानी रखते हुए रोकथाम की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आबकारी विभाग से पूछा कि निर्धारित राजस्व प्राप्त करने में विभाग को क्या समस्याएं आ रही हैं। उन्होंने आबकारी एवं पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि अवैध रूप से शराब बेचने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति में कोई कमी न हो। साथ ही जिले में कहीं भी कच्ची शराब बनाए जाने पर आबकारी, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में स्थित बोर एवं कुओं की जानकारी एकत्रित कर उन्हें सुरक्षित रूप से कवर कराया जाए, ताकि किसी भी आमजन के जान-माल को खतरा न हो।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देशित किया कि वे संयुक्त रूप से समन्वय बनाकर पीएम राहत एवं हिट एंड रन के मामलों का बेहतर ढंग से निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखने को कहा गया कि कोई भी अपात्र व्यक्ति इस योजना का लाभ न ले सके। एसएसपी ने कहा कि गैस, पेट्रोल एवं डीजल की कमी जैसे संवेदनशील मामलों में यदि कहीं कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित होती है, तो पुलिस की टीम उसे पूरी समझदारी और सतर्कता के साथ संभालेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे संभावित हालात से निपटने के लिए पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था का मास्टर प्लान तैयार रखकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में नशे के विरुद्ध कार्रवाई में पुलिस अपनी पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करेगी तथा संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अचानकमार टाइगर रिजर्व के उप संचालक श्री यू.आर.गणेश, जिला वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती नवनीत कौर छाबड़ा, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव सहित मुंगेली, लोरमी और पथरिया के सभी एसडीएम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



