नवा रायपुर।
नवा रायपुर स्थित श्री दावड़ा यूनिवर्सिटी में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापक एवं सीईओ श्री चिन्मय दावड़ा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान पश्चात विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सीईओ चिन्मय दावड़ा ने समारोह के दौरान चांसलर श्रीमती प्रीति दावड़ा के संदेश का वाचन किया। संदेश में उन्होंने विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर जोर दिया। विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए डायरेक्टर जनरल डॉ. चार्मी दावड़ा ने कहा कि आप जो भी कार्य करें, चाहे वह अध्यापन हो, अध्ययन हो या अन्य कोई क्षेत्र, वह सब देश की सेवा ही है। बस शर्त यह है कि आप अपने हर काम को पूरी निष्ठा और लगन के साथ करें। सीईओ चिन्मय दावड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थी अपने चुने हुए क्षेत्र में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन से कार्य करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा, मेहनत और अच्छे कर्मों के माध्यम से देश की सेवा की जा सकती है। युवा ही भारत के भविष्य के निर्माता हैं, इसलिए वे अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें।
प्रो-वाइस चांसलर डॉ. वरुण गंजीर ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वागत संबोधन में स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों से देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत छत्तीसगढ़ी गीतों, देशभक्ति से ओतप्रोत भाषणों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। स्थानीय संस्कृति और राष्ट्रीय भावना के सुंदर समन्वय ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश के प्रति सम्मान, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र निर्माण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम के अंत में रजिस्ट्रार श्री विपिन श्रीवास्तव ने समारोह को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले विश्वविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्री दावड़ा इंस्टिट्यूट रायपुर के डायरेक्टर डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव, विश्वविद्यालय के सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।




