39 सहकारी समितियों में किसानों को जारी हुए 94 टोकन*
मुंगेली, 14 नवंबर 2026// खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। इसी कड़ी में जिले की 39 सहकारी समितियों में धान विक्रय के लिए किसानों को कुल 94 टोकन जारी किया गया है। इनमें 06 टोकन सहकारी समितियों के माध्यम से तथा 88 टोकन मोबाइल एप के जरिए किसानों द्वारा प्राप्त किए गए हैं।
जारी टोकन के अनुसार, आगामी 15 नवंबर को जिले की 39 सहकारी समितियों में कुल 94 टोकन के माध्यम से 375.56 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जाएगी। इससे किसानों को अपनी उपज समर्थन मूल्य पर विक्रय करने की सुविधा मिलेगी।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। खरीदी केंद्रों में धान उपार्जन की प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण को रोकने के लिए 10 चेक पोस्ट भी बनाए गए हैं।



