ICG FPV ATAL: आत्मनिर्भर भारत के तहत देश में स्वदेशी जंगी जहाजों का निर्माण तेजी से हो रहा है. नेवी और कोस्ट गार्ड के लिए स्वदेशी शिपयार्ड लगातार जंगी जहाज बना रहे हैं. इसी कड़ी में गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (GSL) ने भारतीय तटरक्षक बल के लिए फास्ट पेट्रोल वेसेल “अटल” को लॉन्च कर दिया है. गोवा शिपयार्ड लिमिटेड एक प्रमुख भारतीय रक्षा उद्यम (DPSU) शिपयार्ड है. यहां कोस्टगार्ड के लिए कुल आठ फास्ट पेट्रोल वेसेल का निर्माण हो रहा है. अटल इस कड़ी का छठा FPV है. इसके अलावा GSL 2 पॉल्यूशन कंट्रोल वेसेल का भी निर्माण कर रही है. पहला वेसेल 29 अगस्त 2024 को लॉन्च किया गया था. जल्द ही वह कोस्ट गार्ड में शामिल हो जाएगा. 23 जुलाई को पॉल्यूशन कंट्रोल वेसेल GSL यार्ड 1268 को समुद्र में लॉन्च किया गया. इसका नाम रखा गया है समुद्र प्रचेत.
अटल की खासियत
FPV अटल पूरी तरह से गोवा शिपयार्ड लिमिटेड ने ही डिज़ाइन और निर्माण किया है. जहाज की लंबाई 52 मीटर और चौड़ाई 8 मीटर है. इसकी क्षमता 320 टन है. यह वेसेल अत्याधुनिक तकनीक से लैस है, जिसमें एक 30 mm क्लोज रेंज नेवल CRN-91 गन, दो 12.7 mm स्टेबिलाइजड रिमोट-कंट्रोल गन, फायर कंट्रोल सिस्टम, इंटीग्रेटेड ब्रिज सिस्टम (IBS), इंटीग्रेटेड प्लेटफ़ॉर्म मैनेजमेंट सिस्टम (IPMS), और ऑटोमेटेड पावर मैनेजमेंट सिस्टम (APMS) शामिल हैं. ये हाई टेक सिस्टम कोस्ट गार्ड को भारत के समुद्री क्षेत्र में ज्यादा सटीकता, दक्षता और जवाबदेही के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में सक्षम बनाएंगे. ये हाईटेक फास्ट वेसेल ICG को भारतीय तटीय संपत्तियों और द्वीपीय क्षेत्रों की सुरक्षा में खास मदद करेंगे. इनकी प्राथमिक भूमिका इकॉनोमिक एक्सक्लूसिव जोन (EEZ) और समुद्री तट की निगरानी करना है. ये जहाज तस्करी को रोकने, समुद्री डकैती की रोकथाम और खोज एवं बचाव अभियान भी चलाएंगे.
एक साथ चल रहे 37 प्रोजेक्ट
भारत की शिप बिल्डिंग क्षमता का लोहा पूरी दुनिया मान रही है. जितने भी वॉरशिप कोस्टगार्ड और नेवी में शामिल किए जा रहे हैं, वे सभी स्वदेशी निर्मित हो रहे हैं. फिलहाल कोस्ट गार्ड के लिए एक साथ 37 प्रोजेक्ट पर काम जारी है. गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (GSL) में 8 फास्ट पेट्रोल वेसेल के साथ 2 पॉल्यूशन कंट्रोल वेसेल का निर्माण हो रहा है. मजगांव डॉक लिमिटेड में 1 कैडेट ट्रेनिंग शिप, 6 नेक्स्ट जेनेरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसेल, 14 फास्ट पेट्रोल वेसेल, और चौगुले शिपयार्ड में 6 होवरक्राफ्ट का निर्माण हो रहा है.+




