भारतीय मूल के ब्रिटिश अर्थशास्त्री लॉर्ड मेघनाद देसाई का मंगलवार को 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है. पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘मेघनाद देसाई जी के निधन से दुखी हूं. वे एक प्रख्यात विचारक, लेखक और अर्थशास्त्री थे. भारत और भारतीय संस्कृति से उनका गहरा जुड़ाव था. उन्होंने भारत-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत करने में भी भूमिका निभाई. हमारे संवादों को हमेशा याद रखूंगा, जहां उन्होंने बहुमूल्य विचार साझा किए. उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं. ओम् शांति.’
मेघनाद देसाई का जन्म 1940 में वडोदरा में हुआ था. उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिलवेनिया से अर्थशास्त्र में पीएचडी की डिग्री ली. साल 1965 में वे लंदन चले गए और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से जुड़ गए. वहां वे लेक्चरर से प्रोफेसर और फिर प्रोफेसर एमेरिटस बने.
1991 में उन्हें ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में लेबर पार्टी की ओर से पीयर बनाया गया. भारत सरकार ने उन्हें 2008 में पद्म भूषण से सम्मानित किया था. वे भारत से दूर रहकर भी उसकी संस्कृति और अर्थनीति पर लगातार सोचते और लिखते रहे.




