दिल्ली एनसीआर में अब मानसून ने अपना रंग बदल दिया है. शुरुआती दौर में तो मानसून दिल्ली एनसीआर से नदारद ही दिख रहा था. लेकिन अब जमकर बरस रहा है. आलम यह है कि कभी भी बारिश और तेज हवा का सिलसिला शुरू हो जा रहा है. कभी दिन में अंधेरा तो कभी आंधी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है. लेकिन मौसम कुछ भी हो पर लोगों को उमस वाली गर्मी से राहत मिल रही है. लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से दिल्ली एनसीआर का तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. मौसम ठंडा और सुहावना है. इस बीच मौसम विभाग ने राहत देने वाली खबर सुनाई है. क्योंकि आने वाले दिनों में दिल्ली एनसीआर का मौसम इसी तरह रहने वाला है.
ऐसा रहेगा आज मौसम
दिल्ली एनसीआर में बीते 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश देखने को मिली है. काले बादलों के साथ ही पूरे दिल्ली एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी और बौछारों से मौसम काफी सुहावना हो गया है. लगातार ठंडी हवाएं भी चल रही हैं. दिल्ली एनसीआर के लोगों को फिलहाल अगस्त के इस पूरे सप्ताह में और आने वाले अगले हफ्ते के शुरुआती दिनों में गर्मी और उमस का सामना नहीं करना पड़ेगा. मौसम लगातार इसी तरह बना रहेगा. धूप न के बराबर रहेगी.




