Home छत्तीसगढ़ धान खरीदी और उठाव में तेजी लाने के निर्देश, सड़क मरम्मत में...

धान खरीदी और उठाव में तेजी लाने के निर्देश, सड़क मरम्मत में देरी पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी

7

*पीएम सूर्य घर योजना को बढ़ावा देने जिले में चलेगा महाअभियान*

*योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*

*समय-सीमा की बैठक सम्पन्न*

मुंगेली 17 नवंबर 2026// कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों तथा विभागीय गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में उन्होंने धान खरीदी एवं धान के उठाव में तेजी लाने, सड़कों की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री तोपनो ने धान खरीदी की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू, व्यवस्थित एवं निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप होना चाहिए। किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी की प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ ही खरीदे गए धान के उठाव की व्यवस्था को भी गंभीरता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी और उठाव दोनों कार्यों में बेहतर समन्वय बनाकर कार्य किया जाए, ताकि खरीदी केंद्रों में अनावश्यक रूप से धान का जमाव न हो और पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित बनी रहे।
कलेक्टर श्री तोपनो ने जिले में चल रहे सड़क मरम्मत कार्यों की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सड़क मरम्मत के कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और मरम्मत के शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द से जल्द पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में मरम्मत कार्य पूर्ण कराया जाए।
कलेक्टर श्री तोपनो ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए जिले में अधिक से अधिक घरों में सोलर पैनल स्थापित कराने के लिए विशेष महाअभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का व्यापक आम नागरिकों को इसके लाभों की जानकारी दी जाए तथा लोगों को अपने घरों में सौर ऊर्जा पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा योजना के अंतर्गत दी जाने वाली सब्सिडी एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाए। कलेक्टर ने जाति, निवास प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा विद्यार्थियों के अपार आईडी निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण कराने पर जोर दिया। वहीं आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही समय पर पूर्ण करने को कहा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों और समय-सीमा के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। पैरादान के लिए किसानों को किया जाएगा प्रोत्साहित
कलेक्टर श्री तोपनो ने जिले में पैरादान अभियान को प्रभावी बनाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल कटाई के बाद खेतों में बचे पैरा का उपयोग पशुओं के चारे के रूप में किया जा सकता है। इसके लिए किसानों को जागरूक एवं प्रोत्साहित करना आवश्यक है। उन्होंने जनपद पंचायत स्तर पर मुनादी कराकर पैरादान के महत्व की जानकारी ग्रामीणों एवं किसानों तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक किसानों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, एसडीएम मुंगेली श्री मायानंद चंद्रा, एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, लोरमी एसडीएम श्री अभयजीत सिंह मंडावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

क्रमांक// 11-48 फोटो 04 से

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here