Home छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने में लाएं...

पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने में लाएं तेजी: आर.एस. विश्वकर्मा

5

*आयोग अध्यक्ष ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

*युवाओं को स्वरोजगार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा, डिजिटल सर्वे में तेजी लाने के निर्देश*

मुंगेली 17 नवंबर 2026// छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त श्री आर.एस. विश्वकर्मा ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने शासन द्वारा पिछड़ा वर्ग सहित विभिन्न पात्र हितग्राहियों के कल्याण एवं आर्थिक-सामाजिक उत्थान के लिए संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन, पात्र हितग्राहियों को मिल रहे लाभ, लंबित प्रकरणों, स्वीकृत कार्यों एवं विभागीय प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
अध्यक्ष श्री विश्वकर्मा ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को लाभान्वित करना है। इसके लिए अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र हितग्राहियों को समय पर उनका लाभ मिले। उन्होंने पिछड़ा वर्ग के लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने, उन्हें स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करने तथा योजनाओं के लाभ से वंचित परिवारों को चिन्हांकित कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष ने जी-राम योजना के संबंध में जानकारी लेते हुए इसके अंतर्गत 125 दिनों के रोजगार प्रावधान, कार्यों की उपलब्धता तथा श्रमिकों को किए जा रहे भुगतान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने और श्रमिकों को समय पर पारिश्रमिक भुगतान सुनिश्चित करने के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान अध्यक्ष श्री विश्वकर्मा ने हितग्राहियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण, प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों तथा स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ केवल आवेदन प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पात्र हितग्राहियों को प्रशिक्षण से लेकर ऋण स्वीकृति एवं स्वरोजगार स्थापित करने तक आवश्यक सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऋण प्रकरणों में तेजी लाने तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

*पशुपालन एवं डेयरी गतिविधियों से ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर*

पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष ने पशुओं में होने वाली बीमारियों की जांच एवं उपचार, दुग्ध उत्पादन, कुक्कुट पालन, डेयरी फार्म संचालन सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने इन योजनाओं से लाभान्वित हो रहे परिवारों की संख्या एवं विभागीय गतिविधियों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पशुपालन एवं डेयरी व्यवसाय ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इन योजनाओं से जोड़ते हुए विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने विभाग के अंतर्गत संचालित एवं निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अध्यक्ष श्री विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही छात्रवृत्ति, पात्र विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ, स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शासन की छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। स्कूलों में निर्माणाधीन कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण कार्य करने और विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

*कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश*

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री तोपनो ने आयोग अध्यक्ष द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, आयोग के सदस्य श्री नीलाम्बर नायक, श्री बलदाऊ साहू, श्री यशवंत वर्मा, श्री हरिशंकर यादव सचिव श्री अमित कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम मुंगेली श्री मायानंद चंद्रा, एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, लोरमी एसडीएम श्री अभयजीत सिंह मंडावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here