M
*चक्रवाती तूफान से हुए फसल क्षति का करें सर्वे: कलेक्टर श्री तोपनो*
*पैरादान को बढ़ावा देने पर दिया जोर*
*समय-सीमा की बैठक आयोजित*
मुंगेली 25 नवंबर 2026// कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने, धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण तथा पैरादान को प्रोत्साहित करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री तोपनो ने हाल ही में आए तूफानों से फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल क्षति का आकलन पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि कोई भी प्रभावित किसान सर्वे से वंचित न रहे। बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में संचालित धान खरीदी कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा खरीदी प्रक्रिया शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो। साथ ही अवैध धान के परिवहन, भंडारण एवं खपाने की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पैरादान के महत्व पर जोर देते हुए अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को इसके लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित करने को कहा। उन्होंने बताया कि फसल कटाई के बाद खेतों में बचे पैरे का उपयोग गौवंश के चारे के रूप में किया जा सकता है। इससे गौ संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ ही खेतों में पराली जलाने जैसी गतिविधियों पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को किसानों, ग्राम पंचायतों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पैरादान अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




