Home छत्तीसगढ़ हल्बी गाने पर महिला कमांडोज का डांस…एक दूसरे के कमर पर हाथ...

हल्बी गाने पर महिला कमांडोज का डांस…एक दूसरे के कमर पर हाथ रखकर खूब झूमीं, इनमें सरेंडर कर चुकीं नक्सली भी शामिल

26

छ्त्तीसगढ़ के बस्तर में तैनात डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) की महिला कमांडोज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में खाकी वर्दी पहनी महिला कमांडोज क्षेत्रीय बोली हल्बी गाने पर नृत्य करती नजर आ रही हैं। इनमें सरेंडर महिला नक्सली भी शामिल हैं, जो अब पुलिस में भर्ती होकर देश की सेवा कर रही हैं।

हालांकि, यह वीडियो किस जिले का है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मगर लोग वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं। इन दिनों बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन मानसून चलाया जा रहा है। पुरुष जवानों के साथ-साथ महिला कमांडोज की टीम भी सर्चिंग के लिए निकल रही हैं।

सर्चिंग पर निकली थीं

इस वीडियो को लेकर दो अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि, विश्व आदिवासी दिवस के दिन बस्तर के जंगलों में महिला कमांडोज सर्चिंग पर निकली हुईं थीं। उन्होंने रात भी जंगलों में ही बिताई। आदिवासी दिवस के दिन क्षेत्रीय बोली हल्बी गाने में जमकर थिरकने लगीं।

उसी समय कुछ महिला कमांडोज ने यह वीडियो बना लिया। करीब 30 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कमांडोज 2 टोली बनाई हुई हैं। आमने-सामने फेस कर एक-दूसरे के कमर पर हाथ रखकर बस्तरिया नृत्य कर रही हैं।

पुलिस ट्रेनिंग सेंटर का वीडियो

उधर, कुछ लोगों ने दावा किया है कि यह वीडियो पुलिस ट्रेनिंग सेंटर का है। जहां महिलाओं को जंगल में किस तरह से नक्सलियों का मुकाबला करना होता है, उसका प्रशिक्षण दिया जा रहा था। यह वीडियो वहीं का है। इसलिए दैनिक भास्कर भी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

महिलाओं के सर्चिंग पर जाने से मिलता है फायदा

बस्तर DRG के साथ-साथ महिला DRG का भी गठन हो चुका है। इनमें महिला DRG की टीम भी पुरुषों के साथ जंगल में सर्चिंग के लिए जाती हैं। कई मुठभेड़ों में भी शामिल रहती हैं। महिला DRG को ऑपरेशन में साथ लेकर जाने का भी फायदा है। क्योंकि पहले DRG के पुरुष जवानों पर ग्रामीण इलाके की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगता था। लेकिन, जब से महिला कमांडोज की टीम तैनात हुई हैं, तब से ऐसे आरोप लगने बंद हो गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here